ऐलनाबाद,21 मार्च (रमेश भार्गव) सी.आर.डी.ए.वी. गर्ल्स कॉलेज, ऐलनाबाद में प्राचार्य डॉ. भूषण मोंगा के दिशा-निर्देश में 22 मार्च विश्व जल दिवस के अवसर पर एनएसएस इकाई द्वारा एक दिवसीय जल संरक्षण जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह समस्त कार्यक्रम एनएसएस की प्रोग्राम ऑफिसर दीपिका के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विभिन्न गतिविधियों के सफल संचालन हेतु अलग-अलग समितियों का गठन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें जश्मन, राजिंदर, नूरजहां और अर्शदीप (बी.कॉम द्वितीय वर्ष) ने आकर्षक पोस्टर बनाकर जल संरक्षण का संदेश दिया।
इसके साथ ही बी.ए. तृतीय वर्ष के केसर और परदीप ने भूजल स्तर में लगातार हो रही गिरावट के कारणों पर विस्तार से प्रकाश डाला और उपस्थित विद्यार्थियों को इसके प्रति जागरूक किया। वहीं बी.ए. द्वितीय वर्ष की कोमल, रमन और प्रियंका ने जल संरक्षण के विभिन्न उपायों की जानकारी देते हुए सभी को पानी बचाने के लिए प्रेरित किया।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. भूषण मोंगा ने अपने संबोधन में जल के महत्व को समझाते हुए कहा कि जल ही जीवन है और इसके संरक्षण के लिए हर व्यक्ति को जिम्मेदारी निभानी चाहिए। मैनेजमेंट सदस्य डॉली मेहता ने भी अपने भाषण में जल संरक्षण के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आज के समय में जल की बर्बादी एक गंभीर समस्या बन चुकी है और यदि समय रहते इसे नहीं रोका गया तो भविष्य में जल संकट और गहरा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में पानी के सही उपयोग, वर्षा जल संचयन और जल बचाने की आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर सी.आर.डी.ए.वी. स्कूल के प्राचार्य कमल मेहता तथा कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर अर्जुन सिंह, किरनदीप कौर, सिमरनजीत कौर सहित अन्य समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाना था।

